HomeBreaking Newsजलभराव के बीच बढ़ सकता है जहरीले सांपों का खतरा, सतर्क रहें...

जलभराव के बीच बढ़ सकता है जहरीले सांपों का खतरा, सतर्क रहें लोग

अंधेरे कोनों और सामान के ढेर में हाथ डालने से बचें, सांप दिखे तो रेस्क्यू टीम को दें सूचना : जितेंद्र सारथी

कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं बारिश और जलभराव के बीच सांपों के घरों, दुकानों, गोदामों और अन्य सुरक्षित स्थानों में पहुंचने की आशंका को देखते हुए वन्यजीव संरक्षण एवं रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

- Advertisement -

जितेंद्र सारथी ने बताया कि तेज बारिश के दौरान सांप पानी से बचने के लिए सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश करते हैं। ऐसे में इनके रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है। इनमें जहरीले सांप भी हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर के अंधेरे कोनों, लकड़ी या कबाड़ के ढेर, जूतों-चप्पलों, रखे हुए सामान तथा पानी से भरे स्थानों में बिना जांच किए हाथ न डालें।

उन्होंने कहा कि यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो उसे मारने अथवा स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और बच्चों व बुजुर्गों को तत्काल उस स्थान से दूर कर दें। इसके बाद वन विभाग अथवा अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

जलभराव को लेकर भी चिंता

जितेंद्र सारथी ने रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को लेकर नगर निगम की जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी घरों तक पहुंच जाना गंभीर विषय है। नालियों की नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था से जलभराव की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जलभराव केवल असुविधा का विषय नहीं है, बल्कि इससे लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। संबंधित विभागों को जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।

सतर्क रहें, वन्यजीव को नुकसान न पहुंचाएं

जितेंद्र सारथी ने जिलेवासियों से अपील की कि बारिश के दौरान घबराने के बजाय सावधानी बरतें। किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे नुकसान न पहुंचाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। सांप या अन्य वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना टोल फ्री/रेस्क्यू नंबर 8817534455 एवं 7999622151 पर दी जा सकती है।

Must Read