निर्वाचन और अंकेक्षण नहीं कराने पर सहकारिता विभाग की कार्रवाई की तैयारी, निर्धारित समय में पक्ष नहीं रखने पर निरस्त होगा पंजीयन
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में पंजीकृत 11 सहकारी समितियों का पंजीयन निरस्त करने की तैयारी की जा रही है। निर्धारित समयावधि में निर्वाचन और अंकेक्षण नहीं कराने तथा रजिस्ट्रार द्वारा निर्धारित न्यूनतम सेवा स्तर का पालन नहीं करने के चलते सहकारिता विभाग ने इन समितियों के खिलाफ पंजीयन निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की है। संबंधित समितियों के समप्रवर्तकों को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।
सहकारिता विभाग के अनुसार, जिन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए इन समितियों का गठन और पंजीयन किया गया था, वे पूरे नहीं हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 में निहित प्रावधानों के तहत इनका पंजीयन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पंजीयन निरस्तीकरण की प्रस्तावित कार्रवाई के दायरे में आरुष भू-विस्थापित कामगार सहकारी समिति मर्यादित बिरबट (पंजीयन क्रमांक 221), नागमणि मछुआ सहकारी समिति मर्यादित मलदा (3529), नव बिहान बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित कोरबा (208), खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित चिकनीपाली (246), श्री बांके बिहारी भू-विस्थापित सहकारी समिति मर्यादित नवागांव झाबू (218), गेवरा भू-विस्थापित सहकारी समिति मर्यादित रलिया (216), मां महामाया महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित ढोढ़ीपारा (154), खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित पाली (281), भू-विस्थापित कामगार कारीगर सहकारी समिति मर्यादित पंडरीपानी (214), जय अंबे भू-विस्थापित सहकारी समिति मर्यादित पंडरीपानी (209) तथा नीली क्रांति मछुआ सहकारी समिति मर्यादित कुरुडीह (327) शामिल हैं।
विभाग ने संबंधित समितियों के समप्रवर्तकों को निर्देशित किया है कि प्रस्तावित कार्रवाई के संबंध में यदि उन्हें कोई आपत्ति है तो वे 15 दिनों के भीतर कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला कोरबा में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें।
निर्धारित समयावधि में जवाब या आपत्ति प्रस्तुत नहीं करने पर यह माना जाएगा कि संबंधितों को इस कार्रवाई के संबंध में कुछ नहीं कहना है। इसके बाद नियमानुसार पंजीयन निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।













