अगले 24 घंटे संवेदनशील, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
कोरबा। छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय रहने के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए बारिश को लेकर महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। कोरबा सहित प्रदेश के 10 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बलौदाबाजार, बलरामपुर, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, सक्ती तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
खासकर नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की आवश्यकता है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर कोरबा सहित प्रभावित जिलों में लोगों से सतर्क रहने और मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।











