ग्राहकों को मिलेंगी 300 कारें और बाइक, हीरा कारोबारी सावजी ढोलकिया के छोटे भाई ने कहा—ईमानदारी, पारदर्शिता और कठिन परिश्रम ही कारोबार की सफलता का मूल मंत्र
छत्तीसगढ़/कोरबा :- डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके हरि कृष्णा ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में अपने विस्तार को एक और नई ऊंचाई दी है। रविवार को कोरबा में समूह के छत्तीसगढ़ के छठवें शोरूम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर हरि कृष्णा ग्रुप के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक घनश्यामभाई ढोलकिया विशेष रूप से कोरबा पहुंचे। शुभारंभ समारोह में व्यापार जगत से जुड़े लोगों, ग्राहकों और शहरवासियों की मौजूदगी रही।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए घनश्यामभाई ढोलकिया ने कोरबा और छत्तीसगढ़वासियों को नए शोरूम की बधाई देते हुए कहा कि जो ब्रांड अब तक दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में उपलब्ध था, वह अब कोरबा के लोगों को भी अपने शहर में उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि हरि कृष्णा ग्रुप का उद्देश्य ग्राहकों को डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी के साथ भरोसा, गुणवत्ता और पारदर्शिता देना है।
ग्राहकों के लिए 300 कार-बाइक का लकी ड्रा
घनश्यामभाई ढोलकिया ने बताया कि ‘हर घर कृष्णा, घर-घर कृष्णा’ के विजन के साथ कंपनी देशभर में अपने ग्राहकों के लिए विशेष योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में लकी ड्रा के माध्यम से ग्राहकों को 300 कार और बाइक दिए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि कंपनी चाहती है कि कृष्णा का ग्राहक ज्वेलरी खरीदकर केवल सामान ही नहीं, बल्कि खुशी भी अपने घर लेकर जाए। 
उन्होंने बताया कि कंपनी में डायमंड ज्वेलरी की शुरुआत करीब 5 हजार रुपये से होती है, जबकि ग्राहकों की पसंद और जरूरत के अनुसार 2 करोड़ रुपये तक की ज्वेलरी उपलब्ध है। 
150 से अधिक शोरूम का नेटवर्क
हरि कृष्णा ग्रुप के संस्थापक ने कहा कि सूरत और मुंबई से शुरू हुई कंपनी ने बेहद कम समय में देशभर में 150 से अधिक शोरूम का नेटवर्क खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि कंपनी की सफलता के पीछे सबसे बड़ी वजह ग्राहकों का विश्वास और ईमानदारी से कारोबार करने की नीति है।
उन्होंने बताया कि कंपनी डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी के निर्माण से लेकर वितरण तक का कार्य करती है और फ्रैंचाइजी मॉडल के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में अपना विस्तार कर रही है। 
‘ग्राहक सामान खरीदे या नहीं, सम्मान में कमी नहीं होनी चाहिए’
कोरबा के व्यापारियों को कारोबार का मूल मंत्र देते हुए घनश्यामभाई ढोलकिया ने कहा कि व्यापार में ईमानदारी और पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण है। ग्राहक के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई ग्राहक सामान खरीदता है तो उसे गेट तक सम्मानपूर्वक छोड़कर आएं और यदि कोई ग्राहक सामान नहीं खरीदता है, तब भी उसे उतना ही सम्मान दें तथा उसकी गाड़ी तक छोड़कर आएं। उन्होंने कहा कि ग्राहक के प्रति यही सम्मान और व्यवहार किसी भी व्यवसाय की वास्तविक पहचान बनता है। 
किसान परिवार से निकले कारोबारी, पिता की सीख बनी सफलता की नींव
घनश्यामभाई ढोलकिया प्रसिद्ध हीरा कारोबारी सावजी ढोलकिया के छोटे भाई हैं। उन्होंने अपने कारोबारी सफर और परिवार की सफलता का श्रेय अपने पिता की सीख को दिया।
उन्होंने बताया कि उनके पिता 87 वर्ष के हैं और किसान हैं। पिता ने चारों भाइयों को ईमानदारी और कठिन परिश्रम के साथ काम करने की सीख दी। घनश्यामभाई ने कहा कि चारों भाइयों में कोई भी ग्रेजुएट नहीं है, लेकिन उन्होंने हमेशा सीखते रहने को प्राथमिकता दी और अनुभव के साथ आगे बढ़ते गए।
हीरा कारोबार में घनश्यामभाई ढोलकिया ने एक भरोसेमंद फ्रैंचाइजी मॉडल के माध्यम से डायमंड ज्वेलरी के वितरण को नई दिशा दी। आज इसी मॉडल के जरिए हरि कृष्णा ग्रुप देशभर में तेजी से अपने शोरूम का विस्तार कर रहा है। 
‘माइनस टू मार्केट’ की सोच, ग्राहकों के लिए पारदर्शी नीति
उन्होंने बताया कि हरि कृष्णा ग्रुप सूरत और मुंबई में डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी का निर्माण और वितरण करता है। कंपनी की नीति ग्राहकों के लिए पारदर्शिता और भरोसे पर आधारित है।
घनश्यामभाई ने बताया कि कंपनी के उत्पादों के संबंध में 90 प्रतिशत तक की गारंटी की व्यवस्था है। साथ ही कोरबा में खरीदे गए उत्पाद को मुंबई में भी प्रस्तुत करने की सुविधा कंपनी की पारदर्शी नीति का हिस्सा है। 
कारोबार के साथ सामाजिक जिम्मेदारी
शोरूम शुभारंभ समारोह के दौरान सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी गई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को भोजन वितरण किया गया। वहीं रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
घनश्यामभाई ढोलकिया ने बताया कि हरि कृष्णा ग्रुप स्वच्छ भारत, ग्रीन इंडिया, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय रूप से भागीदारी करता है। 
‘हर घर कृष्णा, घर-घर कृष्णा’ का विजन
घनश्यामभाई ढोलकिया ने कहा कि हरि कृष्णा ग्रुप का लक्ष्य केवल ज्वेलरी का कारोबार बढ़ाना नहीं, बल्कि ग्राहकों के साथ विश्वास का मजबूत रिश्ता कायम करना है। ‘हर घर कृष्णा, घर-घर कृष्णा’ के विजन के साथ कंपनी देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है।
उन्होंने कहा कि कोरबा में छत्तीसगढ़ के छठवें शोरूम का शुभारंभ इसी विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी है। ऊर्जा नगरी कोरबा में कृष्णा ब्रांड की मौजूदगी से स्थानीय ग्राहकों को अब अपने शहर में ही डायमंड एवं गोल्ड ज्वेलरी के नए विकल्प उपलब्ध होंगे। 











