HomeBreaking Newsबाल विवाह के खिलाफ कोरबा में 500 से अधिक लोगों ने निकाली...

बाल विवाह के खिलाफ कोरबा में 500 से अधिक लोगों ने निकाली जनजागरूकता रैली, ली रोकथाम की शपथ

कलेक्टोरेट परिसर से घंटाघर ऑडिटोरियम तक निकली रैली, विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने निभाई भागीदारी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कोरबा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली निकाली गई। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार बाल विवाह, बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह रोकने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

- Advertisement -

जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन और हार्ड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने बाल विवाह के सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त कोरबा के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिला पंचायत संसाधन केंद्र के संकाय सदस्य लक्ष्मीकांत साहू, ग्राम पंचायत कोलगा की पंचायत सचिव सूरज कुमारी तथा एकीकृत बाल विकास परियोजना कोरबा शहरी की सेक्टर पर्यवेक्षक स्वाति राठौर को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह की रोकथाम, बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डिम्पल भेड़िया तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।

रैली कलेक्टोरेट एवं जिला पंचायत परिसर से प्रारंभ होकर कोसाबाड़ी चौक, सुभाष चौक और निहारिका होते हुए घंटाघर स्थित ओपन थिएटर ऑडिटोरियम पहुंची। यहां रैली का समापन हुआ। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए नागरिकों से इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर, नगर निगम के रामेश्वर कंवर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेंद्र देव सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी दया दास महंत, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट नीलू पटेल, नीति आयोग के प्रतिनिधि, हार्ड संस्था के जिला समन्वयक गोपाल प्रसाद यादव, स्रोत संस्था के संचालक डिक्शन मसीह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, सेक्टर पर्यवेक्षकों तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। बच्चों का सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता के साथ सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयास जरूरी हैं।

Must Read