छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना दीपका पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब एवं एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना दीपका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोटरसाइकिल के माध्यम से दीपका से दर्री की ओर अवैध देशी शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 57 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय यादव (26 वर्ष) निवासी अयोध्यापुरी दर्री तथा संदीप साहू (21 वर्ष) निवासी जेलगांव चौक दर्री शामिल हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा police ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।













