केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को बताया जनविरोधी, आम जनता की परेशानी उठाई
छत्तीसगढ़/कोरबा :- पेट्रोल-डीजल संकट और लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के विरोध में रविवार को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोटमेर स्थित पेट्रोल पंप के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (ग्रामीण) के आव्हान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर पेट्रोल पंपों में ईंधन संकट गहराता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे किसान, मजदूर, व्यापारी और आम लोग परेशान हैं।
रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि महंगाई और ईंधन संकट ने लोगों की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
प्रदर्शन में जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, मंडल अध्यक्ष सेन्द्रीपाली अमीर खान, विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल, इब्राहिम फारुकी, रोशन खांडे, सूरज सोनी, धनाराम खांडे, अखिलेश कुर्रे, रामधन मिरी, बिसाहू पटेल और आत्माराम मन्नेवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













