छत्तीसगढ़/कोरबा :- सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा यात्रा बाइक रैली 1 अक्टूबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी। रैली के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण करने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सेवा यात्रा बाइक रैली 1 अक्टूबर को दोपहर 2.30 बजे भैसमा पहुंचेगी। यहां विद्यार्थियों को कॉपी और पेन का वितरण किया जाएगा। इसके बाद रैली शाम 4.30 बजे पसान पहुंचेगी, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संपर्क कर योजना के संबंध में चर्चा की जाएगी।
इसके बाद रैली रात करीब 8.30 बजे कटघोरा स्थित अग्रसेन भवन, सेवा कुंज, गोकुल धाम पहुंचेगी। यहीं रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों का रात्रि विश्राम होगा।
सेवा यात्रा के अगले चरण में 2 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें रैली में शामिल जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 9.15 बजे पोड़ी उपरोड़ा के केंद्रीय आश्रम में सेवा कार्य एवं संतों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा यात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में जनसेवा की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों, हितग्राहियों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करना है।












