HomeBreaking Newsहरियाणा जलेबी में एक्सपायरी सामानों की बिक्री का आरोप, कोल्ड ड्रिंक पीने...

हरियाणा जलेबी में एक्सपायरी सामानों की बिक्री का आरोप, कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद ग्राहक की बिगड़ी तबीयत

सितंबर-अक्टूबर में एक्सपायर हो चुके ब्रेड, दूध और कोल्ड ड्रिंक बेचे जाने का दावा; दुकान संचालक के रवैये पर भी उठे सवाल, खाद्य विभाग की जांच जरूरी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  शहर में खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ का एक मामला सामने आया है। पावर हाउस रोड स्थित शिव मंदिर के समीप संचालित हरियाणा जलेबी दुकान में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री बेचे जाने का आरोप लगा है। ग्राहक का दावा है कि दुकान से खरीदी गई कोल्ड ड्रिंक, दूध, ब्रेड सहित अन्य खाद्य सामग्री की जांच करने पर उनकी वैधता अवधि समाप्त मिल गई। आरोप है कि सितंबर और अक्टूबर माह में ही एक्सपायर हो चुके खाद्य उत्पाद भी शुक्रवार को बिक्री के लिए रखे गए थे।   

- Advertisement -

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब दुकान से कोल्ड ड्रिंक खरीदकर घर पहुंचे एक व्यक्ति ने उसका सेवन किया और कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक उसे उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिवार ने कोल्ड ड्रिंक की गुणवत्ता और उसकी एक्सपायरी डेट को लेकर आशंका जताई। हालांकि, कोल्ड ड्रिंक के सेवन और तबीयत बिगड़ने के बीच चिकित्सकीय संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। 

सवाल पूछने पर मिला कथित गैर-जिम्मेदाराना जवाब

ग्राहक और उसके परिजनों का आरोप है कि जब दुकान संचालक से खाद्य लाइसेंस तथा बिक्री के लिए रखे गए उत्पादों की वैधता को लेकर सवाल किया गया, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि संचालक की ओर से कथित तौर पर यह तक कह दिया गया कि ‘जो करना है कर लो, हमारा कुछ नहीं होगा।’ यदि यह बात सही है तो यह केवल एक ग्राहक की शिकायत नहीं, बल्कि उपभोक्ता अधिकारों और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रति गंभीर लापरवाही का मामला है।

घटनाक्रम के दौरान ग्राहक, दुकानदार और कर्मचारियों के बीच हुए विवाद का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में गाली-गलौज होने के कारण उसे सार्वजनिक करना उचित नहीं समझा गया है। मामले की खाद्य विभाग में शिकायत किए जाने की जानकारी भी सामने आ रही है, हालांकि शिकायत की प्रति फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

दुकानों में सामान तो भर लेते हैं, एक्सपायरी की जांच कौन करता है?

खाद्य सामग्री की बिक्री करने वाली दुकानों में अक्सर विभिन्न कंपनियों के पैकेज्ड उत्पाद बड़ी मात्रा में रखे जाते हैं, लेकिन उनकी एक्सपायरी डेट की नियमित जांच को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती। कई बार पुराने स्टॉक के बीच एक्सपायरी अवधि पार कर चुके उत्पाद भी पड़े रह जाते हैं। बिक्री के दौरान कर्मचारी भी इनकी तारीख पर ध्यान नहीं देते और अनजाने में या लापरवाहीवश वही सामान ग्राहकों को थमा दिया जाता है। इसका सीधा खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।

एक दुकान नहीं, पूरे बाजार की जांच होनी चाहिए

इस तरह के मामलों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। केवल किसी शिकायत के बाद एक-दो दुकानों तक निरीक्षण सीमित रखने के बजाय विभाग को एक निर्धारित कार्ययोजना बनाकर शहर के थोक एवं खुदरा खाद्य विक्रेताओं की क्रमबद्ध जांच करनी चाहिए। दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट, भंडारण व्यवस्था और आवश्यक खाद्य लाइसेंस की जांच नियमित रूप से होनी चाहिए।

हरियाणा जलेबी दुकान से जुड़े इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना जरूरी है। आखिर खाद्य सामग्री खरीदने वाला ग्राहक यह भरोसा करके पैसा देता है कि उसे सुरक्षित और उपभोग योग्य सामान मिलेगा। यदि एक्सपायरी उत्पाद ही ग्राहकों को बेचे जाएंगे तो उनकी सेहत और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? खाद्य विभाग को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

Must Read