HomeBreaking Newsसेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में कोरबा के युवाओं को नवाचार दिखाने का...

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में कोरबा के युवाओं को नवाचार दिखाने का मौका

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 6 अक्टूबर तक दे सकेंगे आइडिया, व्यापक चैलेंज में 17 अक्टूबर तक आवेदन; राष्ट्रीय स्तर पर 5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरबा में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के माध्यम से जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य नवप्रवर्तकों को जनसमस्याओं के व्यावहारिक एवं किफायती समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

- Advertisement -

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं को करीब से समझने वाले युवाओं और नवप्रवर्तकों के विचार न केवल कोरबा, बल्कि प्रदेश और देश के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।

6 अक्टूबर तक दे सकेंगे जिला स्तरीय आइडिया

कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए प्रतिभागी 6 अक्टूबर 2026 तक अपने आइडिया एवं नवाचार संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा 10-10 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि कोरबा में उद्योग और खनन क्षेत्र के साथ-साथ वन एवं दूरस्थ जनजातीय अंचलों से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। इन समस्याओं को अवसर में बदलते हुए युवा फ्लाई ऐश के उपयोग, धूल एवं वायु प्रदूषण में कमी, मानव-हाथी द्वंद्व, दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, वनोपज के भंडारण एवं विपणन, सड़क सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव जैसे विषयों पर नए समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से ऐसे नवाचार विकसित करने का आह्वान किया जो कम लागत वाले, व्यावहारिक और जमीन पर लागू किए जा सकें।

व्यापक स्तर के चैलेंज में 5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित व्यापक स्तर के ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ में आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026, रात 11.59 बजे निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल, नगरीय विकास, स्वास्थ्य, रक्षा, सतत विकास, अधोसंरचना एवं परिवहन, उभरती तकनीक तथा शिक्षा एवं रोजगार सहित 10 क्षेत्रों में समाधान आमंत्रित किए गए हैं।

प्रत्येक क्षेत्र से पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इनमें तीन सामान्य श्रेणी, एक महिला श्रेणी और एक 21 वर्ष से कम आयु वर्ग का विजेता शामिल होगा। इस तरह कुल 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपये, यानी कुल 5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

खास बात यह है कि चयनित नवाचारों को संबंधित सरकारी विभागों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किए जाने का अवसर भी मिल सकता है। इससे प्रतियोगिता में प्रस्तुत किए गए अच्छे विचारों को वास्तविक स्तर पर लोगों के जीवन में बदलाव लाने का अवसर मिलेगा।

विद्यार्थियों से लेकर स्टार्टअप और स्व-सहायता समूह तक ले सकेंगे हिस्सा

प्रतियोगिता में विद्यार्थी, शोधकर्ता, फैकल्टी सदस्य, स्टार्टअप, एमएसएमई, गैर सरकारी संगठन, स्व-सहायता समूह और व्यक्तिगत नवप्रवर्तक भाग ले सकते हैं। आवेदन व्यक्तिगत, टीम या संस्था के रूप में किया जा सकता है। इसके लिए कंपनी पंजीयन अथवा डीपीआईआईटी मान्यता अनिवार्य नहीं है।

आवेदक अथवा टीम के किसी एक संस्थापक के पास छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा अथवा दमन एवं दीव का मूल निवास प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।

आवेदन के दौरान संबंधित क्षेत्र एवं उप-विषय का चयन कर समस्या, प्रस्तावित समाधान, प्रोटोटाइप अथवा पायलट और उपलब्ध प्रमाण से जुड़ी जानकारी देनी होगी। इसके साथ शीर्षक, समस्या, समाधान, व्यवहार्यता, प्रभाव और टीम के विवरण सहित छह स्लाइड की पीडीएफ प्रस्तुति भी अपलोड करनी होगी।

दिसंबर में होगा अंतिम चयन

प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन 18 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों की ऑनलाइन प्रस्तुति 16 से 25 नवंबर के बीच होगी। सेमीफाइनलिस्ट की घोषणा 28 नवंबर को की जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रस्तुति एवं विजेताओं का चयन 7 दिसंबर 2026 को नागपुर में किया जाएगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि किसी विद्यार्थी का छोटा और सरल विचार या किसी समूह का व्यावहारिक अनुभव भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने जिले के पात्र युवाओं, विद्यार्थियों और नवप्रवर्तकों से जिला स्तरीय चैलेंज के लिए 6 अक्टूबर तथा व्यापक स्तर की प्रतियोगिता के लिए 17 अक्टूबर तक अपने विचार प्रस्तुत करने की अपील की।

ऑनलाइन आवेदन से संबंधित सहायता के लिए जिला नोडल अधिकारी विजय कारे, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोरबा से मोबाइल नंबर 8109363862 पर संपर्क किया जा सकता है। महाविद्यालयों के विद्यार्थी अपने संस्थान के इनोवेशन सेल से भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

Must Read