HomeBreaking Newsविश्व मधुमेह दिवस पर आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 36 मरीजों ने उठाया...

विश्व मधुमेह दिवस पर आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 36 मरीजों ने उठाया लाभ, डॉ. नागेन्द्र शर्मा ने दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

आरामदायक जीवनशैली मधुमेह का प्रमुख कारण, नियमित योग-व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करना जरूरी : डॉ. शर्मा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में निःशुल्क रक्त शर्करा जांच एवं आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 36 मरीजों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श का लाभ लिया।   

- Advertisement -

शिविर का शुभारंभ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा एवं शिविरार्थियों द्वारा आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि एवं भारत माता के पूजन के साथ किया गया। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. शर्मा ने मधुमेह सहित विभिन्न साध्य, असाध्य एवं कष्टसाध्य रोगों से संबंधित मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।   

डॉ. शर्मा ने मधुमेह रोगियों को आयुर्वेद के अनुसार खानपान, आहार-विहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मधुमेह पर नियंत्रण के लिए नियमित योगाभ्यास एवं प्राणायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की सलाह दी। शिविर में मरीजों को मण्डूकासन, शशकासन, पादहस्तासन, वक्रासन एवं मर्कटासन सहित विभिन्न योगासनों तथा भस्त्रिका, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस अवसर पर डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने कहा कि आरामदायक जीवनशैली मधुमेह रोग के प्रमुख कारणों में से एक है। जो लोग लंबे समय तक कुर्सी या गद्दी पर बैठे रहते हैं तथा शारीरिक गतिविधियों, व्यायाम, योग एवं प्राणायाम से दूर रहते हैं, उनमें मधुमेह का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि मधुमेह मुख्यतः जीवनशैली से जुड़ा रोग है, इसलिए इससे बचाव और नियंत्रण के लिए अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव करना बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और योग-प्राणायाम को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।

शिविर में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष एवं चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना, उपाध्यक्ष लायन गजेंद्र राठौड़ सहित अश्विनी बुनकर, नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, सिद्धराम शाहनी, देवबली कुंभकार, बबलू सोनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया, पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद एवं श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने उपस्थित रहकर शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Must Read