HomeBreaking Newsबालको के पोषण माह अभियान से 1,500 से अधिक लोगों तक पहुंचा...

बालको के पोषण माह अभियान से 1,500 से अधिक लोगों तक पहुंचा जागरूकता का संदेश

28 नंद घरों में बच्चों के पोषण और स्वस्थ खानपान पर जोर, माताओं को संतुलित आहार व पोषण बाड़ी के प्रति किया जागरूक

छत्तीसगढ़/कोरबा-बालकोनगर :-  बच्चों का बेहतर पोषण, स्वस्थ खानपान की आदतें और उनके समुचित विकास के प्रति सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने पोषण माह 2026 के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया। बालको की ‘आरोग्य’ परियोजना और ‘नंद घर’ पहल के तहत संचालित इस अभियान के माध्यम से 28 नंद घरों में 1,500 से अधिक बच्चों, माताओं और उनकी देखभाल करने वालों तक पहुंच बनाई गई। अभियान के दौरान परिवारों को बच्चों के शारीरिक विकास, बेहतर स्वास्थ्य और सीखने की क्षमता में पोषण की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।   

- Advertisement -

भारत सरकार के पोषण अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप आयोजित इस पहल में बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने के साथ परिवारों को दैनिक जीवन में स्वस्थ खानपान अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता सत्रों, बच्चों के वजन एवं विकास की जांच और संतुलित आहार पर चर्चा के माध्यम से माताओं तथा देखभाल करने वालों को उपयोगी जानकारी दी गई।

स्थानीय खाद्य सामग्री से पौष्टिक भोजन तैयार करने का दिया प्रशिक्षण

अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने का प्रदर्शन किया गया। इसमें मोटे अनाज, दाल और मौसमी सब्जियों के पोषण संबंधी लाभ बताए गए। परिवारों को ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन तैयार करने और बच्चों के दैनिक आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इसके साथ ही पोषण बाड़ी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया, ताकि परिवार घर में उपलब्ध स्थान पर सब्जियां और अन्य उपयोगी खाद्य सामग्री उगाकर अपने खानपान को बेहतर बना सकें। अभियान के माध्यम से स्थानीय संसाधनों के उपयोग से बच्चों और परिवारों के पोषण स्तर में सुधार लाने का संदेश दिया गया।

सामुदायिक भागीदारी से बाल पोषण को मजबूत करने पर जोर

पोषण संबंधी जागरूकता को परिवारों तक पहुंचाने के लिए सामुदायिक बैठकें भी आयोजित की गईं। इनमें अभिभावकों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी की स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाएं सभी आयु वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं और बच्चों का पोषण इनमें प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पोषण माह जैसी पहल के जरिए समुदाय के साथ मिलकर पोषण और बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। इस अभियान के दौरान 1,500 से अधिक अभिभावकों और स्वास्थ्य से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए सामुदायिक सहयोग के साथ प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

महिलाओं ने साझा किए अनुभव, घर पर पौष्टिक भोजन तैयार करने की मिली जानकारी

सतनाम नगर की चंद्रकांता महिलाने ने अभियान के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रम में घर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से बच्चों के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन तैयार करने की उपयोगी जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि बच्चों के वजन, पाचन और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए उचित खानपान की जानकारी सरल तरीके से समझाई गई, जिसे परिवार अपने दैनिक जीवन में अपना सकते हैं।

प्रतियोगिताओं और सामुदायिक कार्यक्रमों के साथ पोषण माह का समापन

महीने भर चले अभियान का समापन क्लस्टर स्तर पर आयोजित पोषण माह समारोह के साथ हुआ। इस दौरान पोषण विषय पर आधारित प्रतियोगिताएं और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, परिवारों को बेहतर खानपान के लिए प्रेरित करने और स्वस्थ एवं सशक्त समुदाय के निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Must Read