ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम में देरी से कलेक्टर नाराज, हादसों वाले क्षेत्रों में तत्काल सुधार के निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए चल रहे सुरक्षा कार्यों में धीमी प्रगति अब अधिकारियों के लिए भारी पड़ने लगी है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लंबित कार्यों की समीक्षा के दौरान नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर एवं एसपी सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने तथा हादसों की रोकथाम के लिए जरूरी कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम होंगे तेज
कटघोरा-अंबिकापुर राजमार्ग के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़, घाट और अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, रोड शोल्डर, स्पीडोमीटर, डेलिनेटर और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत के साथ आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त संकेतक और सोलर लाइट लगाने को भी कहा गया है। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश एनएचएआई को दिए गए।
इन मार्गों के काम की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर ने भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक सहित अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण, जंक्शन सुधार, रंबल स्ट्रिप एवं संकेतक बोर्ड लगाने के कार्यों की समीक्षा की।
इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और पीडब्ल्यूडी ईई को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा।
रात में भारी वाहनों पर भी नजर
राजमार्ग पर रात के समय खड़े भारी वाहनों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए उनके पीछे विजिबल रेडियम पट्टी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे अंधेरे में सड़क पर खड़े वाहन पीछे से आने वाले चालकों को आसानी से दिखाई दे सकेंगे।
ओवरस्पीड और नशे में ड्राइविंग पर सख्ती
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और नो-पार्किंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
हादसा पीड़ितों को पीएम राहत योजना का लाभ
कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल में पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासकीय एवं निजी अस्पतालों में योजना की जानकारी पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य केंद्रों और पंचायत भवनों में बैनर-पोस्टर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया।
सड़क सुरक्षा में देरी का सीधा असर जान पर
सड़क निर्माण और सुरक्षा से जुड़े कार्य केवल सरकारी परियोजनाएं नहीं, बल्कि सीधे लोगों की जिंदगी से जुड़े मुद्दे हैं। ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर, रंबल स्ट्रिप, संकेतक और बेहतर रोड शोल्डर जैसे इंतजाम समय पर नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी ईई को नोटिस प्रशासन की उस सख्ती का संकेत है, जिसमें अब सड़क सुरक्षा के कार्यों में देरी और लापरवाही की जवाबदेही तय की जाएगी। 
क्विज विजेताओं का सम्मान
बैठक में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। बालिका वर्ग में विभूति ताम्रकार प्रथम, सौम्या जायसवाल द्वितीय और सावित्री खैरवार तृतीय रहीं। बालक वर्ग में रितेश अनंत प्रथम, जितेश कुमार द्वितीय और खगेश यादव तृतीय स्थान पर रहे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी मौजूद रहे।












