HomeBreaking Newsअब ऑफलाइन नहीं, मेडलेपार पोर्टल से ही भेजनी होगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कलेक्टर...

अब ऑफलाइन नहीं, मेडलेपार पोर्टल से ही भेजनी होगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में देरी पर प्रशासन सख्त, पुलिस-स्वास्थ्य विभाग को लंबित प्रकरण समय-सीमा में निपटाने की हिदायत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  पोस्टमार्टम और मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) की रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने तथा पुलिस की विवेचना और न्यायालयीन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी रोकने के लिए कोरबा प्रशासन ने डिजिटल व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने पर जोर दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सामान्य परिस्थितियों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ऑफलाइन जारी नहीं की जाएगी। संबंधित रिपोर्ट मेडलेपार पोर्टल के माध्यम से ही भेजना अनिवार्य होगा।     

- Advertisement -

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की ऑनलाइन प्रविष्टि, अपलोडिंग, सत्यापन तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए।

रिपोर्ट में देरी से प्रभावित न हो पुलिस जांच

कलेक्टर ने कहा कि मेडलेपार पोर्टल नई आपराधिक कानून व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण डिजिटल माध्यम है। इसके जरिए मेडिकल-लीगल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का संधारण एवं आदान-प्रदान अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाया जा सकता है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन सहित सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस के माध्यम से मेडलेपार पोर्टल पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रविष्टि समय पर सुनिश्चित करें। एमएलसी प्रकरणों में भी रिपोर्ट दर्ज करने और भेजने में देरी नहीं होनी चाहिए। पोर्टल पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण किया जाए, ताकि रिपोर्ट के अभाव में पुलिस की विवेचना और न्यायालयीन कार्यवाही प्रभावित न हो।

ऑनलाइन व्यवस्था का पालन अनिवार्य

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधित विभागों को मेडलेपार पोर्टल के माध्यम से ही प्रेषित की जाएंगी। सामान्य परिस्थितियों में ऑफलाइन रिपोर्ट जारी करने की व्यवस्था नहीं अपनाई जाए। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन करें और लंबित मामलों की लगातार निगरानी रखें।

पोर्टल के संचालन में आने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं को भी प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी अमले को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया, ताकि डिजिटल व्यवस्था के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

एसपी ने पुलिस-स्वास्थ्य विभाग के बेहतर तालमेल पर दिया जोर

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि सीसीटीएनएस परियोजना के तहत एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मेडलेपार पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को रिपोर्ट अपलोड करने में आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों का आपसी समन्वय से समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल रहने से रिपोर्ट समय पर उपलब्ध होंगी और आम नागरिकों को अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव सहित पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read