चार चरणों में चलेगा कार्यक्रम, जनसूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों को समझाए जाएंगे आवेदन निराकरण के नियम और जिम्मेदारियां
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत आम नागरिकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने और आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए कोरबा जिले में अधिकारियों-कर्मचारियों का ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 25 से 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न विभागों के नामांकित जनसूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों तथा उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य सूचना के अधिकार से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी देकर अधिकारियों को आवेदन प्राप्त होने से लेकर उसके निराकरण तक की निर्धारित व्यवस्था से अवगत कराना है। संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को अपने विभाग के नामांकित अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
25 अक्टूबर से शुरू होगा प्रशिक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अक्टूबर को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिवों और जनसूचना अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 26 अक्टूबर को खाद्य विभाग के उचित मूल्य दुकान संचालकों का प्रशिक्षण आयोजित होगा।
वहीं, 28 अक्टूबर को स्कूल शिक्षा विभाग के जनसूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों के साथ-साथ राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, पशुपालन, विद्युत, वन और गृह विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के नामांकित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ब्लॉक स्तर पर नियुक्त किए गए मास्टर ट्रेनर
प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन के लिए कलेक्टर कार्यालय द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं। ये मास्टर ट्रेनर निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षण आयोजित करेंगे। इस दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों, सूचना आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया और अधिकारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पालन प्रतिवेदन छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग को भेजा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन कोरबा, कटघोरा, पाली एवं पोड़ी-उपरोड़ा अनुविभाग तथा करतला सहित जिले के संबंधित विकासखंडों में विभागीय नोडल अधिकारियों के समन्वय से किया जाएगा।












