कलेक्टर-एसपी ने निर्माणाधीन सड़क और ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का किया निरीक्षण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने मंगलवार को ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क निर्माण की प्रगति और वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बारिश से प्रभावित सड़क के हिस्सों का भी अवलोकन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने तक आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सड़क की स्थिति का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।
डायवर्सन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्टर-एसपी ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की सड़क की स्थिति और आवश्यक मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। रिसदा-बेलगिरी पुल के आसपास बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन सुचारू रखने को कहा गया।
बजरंग चौक-परसाभाठा क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए बेहतर डायवर्सन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण के दौरान आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक कुल 5.74 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सीसी सड़क के रूप में विकसित करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। वहीं ढेंगुरनाला एवं बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य के लिए कार्यादेश जारी हो चुका है और जल्द ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री जी.आर. जांगड़े, परिवहन अधिकारी श्री अतुल कुमार असैय्या, एसडीओ श्री राकेश द्विवेदी सहित नगर निगम, सेतु लोक निर्माण विभाग एवं बालको के अधिकारी उपस्थित रहे।












