छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराधों पर नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बुधवार दिन में कटघोरा पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत थाना कटघोरा, पाली एवं पासान पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एएसपी कटघोरा नितीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी कटघोरा धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम में थाना कटघोरा, पाली एवं पासान के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
दिन के समय चलाए गए इस अभियान के तहत कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग स्थित पंजाबी ढाबा, बिलासपुर रोड स्थित गगन होटल, काके ढाबा सहित अन्य प्रतिष्ठानों की बारीकी से जांच की गई। वहीं थाना पाली एवं पासान क्षेत्र में भी होटल व ढाबों में सरप्राइज चेकिंग की गई।
जांच के दौरान किसी भी स्थान पर अवैध शराब बिक्री या पिलाने की गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि पुलिस ने सभी संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे नियमों का पालन सुनिश्चित करें, बिना वैध पहचान पत्र के किसी को ठहरने न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
थाना पासान क्षेत्र में संचालकों को लिखित नोटिस भी जारी किए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में तानाखार क्षेत्र के कंचन ढाबा को नियमों के उल्लंघन के चलते सील किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस की सख्ती साफ नजर आती है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे सजग एवं सतर्क रहें तथा पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना रहे।











