छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- रेलवे प्रशासन द्वारा अधोसंरचना विकास के तहत उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में प्रयागराज स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संचालित दुर्ग–छपरा–दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को दुर्ग से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 15160 दुर्ग–छपरा सारनाथ एक्सप्रेस मानिकपुर–प्रयागराज छिवकी–जिवनाथपुर–वाराणसी–जौनपुर–औड़िहार मार्ग से होकर छपरा पहुंचेगी। वहीं, 30 अप्रैल 2026 को छपरा से चलने वाली गाड़ी संख्या 15159 छपरा–दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस औड़िहार–जौनपुर–वाराणसी–जिवनाथपुर–प्रयागराज छिवकी–मानिकपुर मार्ग से होकर दुर्ग आएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पहले अधिकृत पूछताछ सेवा NTES/139 के माध्यम से गाड़ी की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।











