सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मिलेंगी ओपन जिम सहित कई सुविधाएं
छत्तीसगढ़/कोरबा-बालकोनगर :- राताखार में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा नए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित भवन से राताखार और आसपास के क्षेत्रों के 17 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बुधवार को आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कंपनी के अधिकारी और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रस्तावित भवन की योजना का अवलोकन किया और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बालको की पहल की सराहना की। भवन का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए किया जाएगा। इससे स्थानीय परिवारों और विभिन्न सामुदायिक समूहों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामुदायिक कल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में भी योगदान दे रहा है। महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक विकास और सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में कंपनी की पहल सराहनीय है। राताखार में बनने वाला सामुदायिक भवन स्थानीय निवासियों की आवश्यकता को पूरा करने के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी सामुदायिक विकास को अपनी जिम्मेदारी के साथ साझा भविष्य में निवेश के रूप में देखती है। पिछले चार वर्षों में बालको ने 45 समुदायों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण किया है। कंपनी का प्रयास है कि सशक्तिकरण, समावेशन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान दिया जाए।
प्रस्तावित सामुदायिक भवन में अलग-अलग शौचालय, रसोईघर, स्टोर रूम और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन के तैयार होने पर स्थानीय लोग यहां उत्सव, समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामुदायिक गतिविधियां आयोजित कर सकेंगे।
बालको के अनुसार, पिछले चार वर्षों में कंपनी ने 45 समुदायों में सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क और सामुदायिक शौचालय सहित 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण कराया है। कंपनी का कहना है कि सामाजिक आधारभूत संरचना में निवेश के जरिए लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास को प्रोत्साहित करने का प्रयास जारी रहेगा।












