HomeBreaking Newsमिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की तीन दिन तक लगातार कार्रवाई, चार...

मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की तीन दिन तक लगातार कार्रवाई, चार दुकानों में खरीद-बिक्री बंद; कई प्रतिष्ठानों पर जुर्माना

मिलावट की आशंका पर खोवा, काजू कतली, काजू बर्फी, पेड़ा, गुलाब जामुन और समोसा के नमूने जांच के लिए भेजे गए, खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन सख्त

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  दीपावली और त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में मिठाई और खाद्य सामग्री विक्रेताओं के खिलाफ लगातार तीन दिनों तक जांच अभियान चलाया। आयुक्त दीपक अग्रवाल एवं कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व प्रशासन तथा नगर निगम की संयुक्त टीम ने 2 नवंबर से 4 नवंबर तक कोरबा शहर सहित कटघोरा क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए, वहीं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाने के साथ कुछ प्रतिष्ठानों में सुधार होने तक खरीद-बिक्री बंद कराई गई।   

- Advertisement -

अभियान के पहले दिन 2 नवंबर को निहारिका स्थित मधु स्वीट्स से खोवा तथा टीपी नगर स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं निहारिका स्थित रवि डेयरी पर खाद्य मानकों का पालन नहीं करने के कारण 3 हजार रुपये और लल्ला कैफे पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद टीपी नगर स्थित नेचुरल स्वीट्स पर 3 हजार रुपये तथा शुगर क्राउन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। 

अभियान के दूसरे दिन 3 नवंबर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कटघोरा क्षेत्र में जांच की। मुरली होटल से काजू बर्फी का नमूना लिया गया। वहीं शिकायत प्राप्त होने के आधार पर श्याम होटल कटघोरा से गुलाब जामुन और समोसा तथा छुरी स्थित नेताम होटल से समोसा का नमूना जांच के लिए लिया गया। टीम ने सभी मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। 

वहीं 4 नवंबर को निहारिका स्थित प्रभात डेयरी से काजू बर्फी और पेड़ा का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा बुधवारी बाजार स्थित शारदा डेयरी, दर्री स्थित श्याम स्वीट्स और तुलसी नगर स्थित बालाजी नमकीन में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर सुधार होने तक संबंधित प्रतिष्ठानों में खरीद-बिक्री बंद करा दी गई। 

लगातार तीन दिनों तक चले इस अभियान में खाद्य विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Must Read