बुधवारी दशहरा मैदान के पास आधी रात को ईंट-पत्थर, डंडे और बेल्ट से किया एक-दूसरे पर हमला, हत्या के प्रयास और बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
छत्तीसगढ़/कोरबा :- बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर रेत खाली कराने की बात को लेकर दो गुटों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। 2 एवं 3 नवंबर की दरम्यानी रात शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, चमड़े के बेल्ट और कड़े से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए। मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम पक्ष के राजेन दास निवासी ढोढीपारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके ट्रैक्टर चालक को यशवंत कश्यप उर्फ लक्की, संतोष चंद्रा और विक्रम कश्यप ने अपने साथियों के साथ रोककर रेत खाली करने की बात कही। इसे लेकर विवाद और गाली-गलौज हुई। चालक की सूचना पर राजेन दास अपने साथियों के साथ बुधवारी मैदान के पास पहुंचा, जहां दूसरे पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर ईंट-पत्थर, डंडे, चूड़ा और पंच से हमला कर दिया। इस हमले में राजेन दास सहित अन्य लोगों को चोटें आईं।
वहीं, दूसरे पक्ष के विक्रम कश्यप निवासी काशीनगर ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई। उसका आरोप है कि ट्रैक्टर से रेत खाली कराने की बात पर हुए विवाद के दौरान दीपक सिंह, सोहेब अहमद, गौरीलाल चौहान, पुरनदास महंत, आदित्य सिंघानिया, राजेन उर्फ राजेन्द्र दास और यश पाटले ने एकराय होकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के, चमड़े के बेल्ट और ईंट के टुकड़ों से हमला किया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रथम पक्ष की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3), 126(2) और 3(5) तथा दूसरे पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी और सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को दोनों मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा और चमड़े का बेल्ट भी जब्त किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रथम पक्ष से यशवंत कश्यप उर्फ लक्की (26), विक्रम कश्यप (23), दोनों निवासी काशीनगर तथा संतोष चंद्रा (29), निवासी बुधवारी बाजार शामिल हैं।
द्वितीय पक्ष से दीपक सिंह (32), निवासी 15 ब्लॉक; सोहेब अहमद (30), निवासी शारदा विहार मानिकपुर; गौरीलाल चौहान (44), निवासी तुलसीनगर; पुरनदास महंत (44), निवासी पम्प हाउस; आदित्य सिंघानिया (31), निवासी सर्वमंगला रोड पटेलपारा; राजेन उर्फ राजेन्द्र दास (30), निवासी ढोढीपारा तथा यश पाटले (19), निवासी तुलसीनगर को गिरफ्तार किया गया है।












