कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एनकॉर्ड समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में नशे की रोकथाम, तंबाकू नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त संस्थान बनाने पर जोर देते हुए कोटपा एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग को विकासखंड स्तर पर आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों में भारत वाहिनी की इकाइयों को सक्रिय रूप से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने रेस्टोरेंट एवं स्ट्रीट वेंडर्स संचालकों के लिए कार्यशाला आयोजित कर उन्हें स्वच्छता संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशा मुक्ति अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित करने कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












