मुख्यमंत्री के नाम संभागायुक्त को सौंपेंगे ज्ञापन, कोरबा जिले से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर प्रदेश के कर्मचारी एवं पेंशनर्स अपनी 8 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर आगामी 30 सितंबर को प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन करेंगे। धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी।
धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में राजधानी रायपुर स्थित कर्मचारी भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पवन शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 30 सितंबर को होने वाले धरना प्रदर्शन की तैयारियों और कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के समन्वयक जीआर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमांचल साहू, छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, प्रदेश सचिव सीएल दुबे, संजय शर्मा, रामचंद्र तांडी, नरेश वाढेर, विमल कुंडू, बेनीराम गायकवाड़, शाहिल मुदलियार, शुभम भट्ट, बीपी कुरील सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पेंशनर्स उपस्थित रहे। सभी ने 30 सितंबर के धरना प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के कोरबा जिला अध्यक्ष प्रभात शर्मा एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा कोरबा के अध्यक्ष विनय सोनवानी ने जिले के सभी कर्मचारी एवं पेंशनर्स से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन में शामिल हों। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर अपनी लंबित मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा।












