HomeBreaking Newsभगवान धनवंतरी जयंती पर कोरबा में होगा सामूहिक पूजन, भजन और देशभक्ति...

भगवान धनवंतरी जयंती पर कोरबा में होगा सामूहिक पूजन, भजन और देशभक्ति गीतों की सजेगी महफिल

6 नवंबर को निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय में होगा आयोजन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार होंगे मुख्य अतिथि

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  आरोग्य, सुख-समृद्धि और लोककल्याण की मंगल कामना के साथ आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान श्री धनवंतरी जी की जयंती 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को कोरबा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रातः 11 बजे निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में समारोह आयोजित किया जाएगा।

- Advertisement -

आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. श्वेता एक्का समारोह की अध्यक्षता करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में नमामी हसदेव सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री रणधीर पांडे, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेन्द्र कश्यप तथा अजगरबहार तहसीलदार डॉ. रविशंकर राठौर उपस्थित रहेंगे।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नमामी हसदेव सेवा समिति, शिव औषधालय एवं पतंजलि चिकित्सालय के संयुक्त संयोजन में आयोजित इस समारोह में भगवान श्री धनवंतरी जी का षोडशोपचार विधि-विधान से सामूहिक पूजन एवं आरती की जाएगी। इस दौरान ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के मंत्र के साथ विश्व कल्याण, आरोग्य और सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

समारोह के संयोजक एवं श्री शिव औषधालय के संचालक तथा आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राज्यपाल से पुरस्कृत छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित शिवराज शर्मा, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा जिले में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रमों के सुप्रसिद्ध गायक डॉ. रवि शराफ और श्री संदीप शर्मा अपनी सुमधुर आवाज में भजन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।

डॉ. शर्मा ने सभी चिकित्सकों, आयुर्वेद मनीषियों, आयुर्वेद प्रेमियों, धर्मावलंबियों तथा अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर भगवान श्री धनवंतरी जी के पूजन-अर्चन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

Must Read