HomeBreaking Newsसुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लेमरू को दी विकास...

सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लेमरू को दी विकास की सौगात

जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर, मेधावी विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट

छत्तीसगढ़/कोरबा :- विष्णु देव साय ने शनिवार को कोरबा जिले के दूरस्थ ग्राम लेमरू में आयोजित “सुशासन तिहार” जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर जनता से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा करना सरकार का परम कर्तव्य है और सुशासन तिहार सरकार की जनता तक सीधी पहुंच का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ यह अभियान 10 जून तक चलेगा, जिसके जरिए प्रदेशभर में लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा कर रही है। उन्होंने बताया कि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर और एसपी स्वयं शिविरों में पहुंचकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अचानक गांवों में पहुंचकर पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं।   

लेमरू क्षेत्र को मिली विकास योजनाओं की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने लेमरू क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की स्थापना, अरसेना और नकिया ग्राम पंचायतों में विद्युतीकरण, बरपानी से देवदुवारी तक विकास कार्य तथा डोकरमना, कुदरी चिंगार और चिरईझुंझ में नए प्राथमिक शाला भवनों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा डोकरमना और चिरईझुंझ में नए आंगनबाड़ी भवन तथा देवपहरी वार्ड क्रमांक-1 में सीसी रोड और पुलिया निर्माण की घोषणा भी की गई।     

योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं और अब तक 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख आवास बनकर तैयार हो चुके हैं।

उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण दर 4 हजार से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने, किसानों से रिकॉर्ड समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये सहायता तथा रामलला दर्शन योजना जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान योजना और पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने की भी अपील की।   

मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें पूर्णेश डहरिया ने 95.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में विशेष उपलब्धि दर्ज की। 

हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ

सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से हितग्राहियों को राशन कार्ड, मछुआ सहकारी समितियों को जाल, दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल, बैसाखी एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग ने कृषकों को ऑयलपाम बोरवेल योजना के तहत लाखों रुपये के चेक दिए, जबकि कृषि विभाग ने किसानों को सिंचाई पंप और पावर स्प्रेयर उपलब्ध कराए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सुपोषित टोकरी का वितरण किया।   

इस अवसर पर लखनलाल देवांगन, ओ. पी. चौधरी, कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read