HomeBreaking Newsमासूम बच्ची को न्याय दिलाने की मांग के साथ रजगामार में निकला...

मासूम बच्ची को न्याय दिलाने की मांग के साथ रजगामार में निकला कांग्रेस का कैंडल मार्च, नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के नेतृत्व में उमड़ी भीड़, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की उठी मांग

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  रजगामार में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य हत्याकांड को लेकर लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के नेतृत्व में ग्राम रजगामार में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आम नागरिकों सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों ने मासूम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।     

- Advertisement -

जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के प्रवक्ता मोहम्मद आवेश कुरैशी ने बताया कि मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। कांग्रेस की मांग है कि मामले में दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।   

जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के अध्यक्ष मनोज चौहान के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के साथ युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान आम जनमानस की भारी तादाद में मौजूदगी रही। मासूम के साथ हुई दरिंदगी को लेकर लोगों में गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिला।     

कैंडल मार्च के जरिए कांग्रेसजनों ने दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता दिलाने की मांग उठाई। पूरे आयोजन का माहौल गमगीन रहा और लोगों ने मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय की आवाज बुलंद की।

Must Read