कलेक्टर और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों को कठोर सजा और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में मासूम बच्ची की हत्या और मुड़ापार में दशहरा उत्सव के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर राजनीतिक संगठन) ने गहरी नाराजगी जताई है। दोनों घटनाओं को गंभीर बताते हुए संगठन और सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मासूम की हत्या ने झकझोर दिया समाज
ज्ञापन में रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना का उल्लेख करते हुए संगठन ने गहरा शोक व्यक्त किया। 19 अक्टूबर 2026 को बच्ची के लापता होने और 22 अक्टूबर को उसका शव मिलने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। संगठन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा समाज और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे मामलों में निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जानी चाहिए।
मुड़ापार चाकूबाजी की घटना पर भी जताई चिंता
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार में दशहरा उत्सव के दौरान हुई चाकूबाजी और एक व्यक्ति की मौत को लेकर भी संगठन ने चिंता जताई। सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। संगठन ने मांग की कि मेलों, त्योहारों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त तथा निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि आम नागरिक निर्भय होकर सार्वजनिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी सजा की मांग
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने ज्ञापन के माध्यम से मासूम बच्ची हत्याकांड की त्वरित एवं पारदर्शी जांच, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। संगठन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्कूलों, संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
प्रशासन को कार्रवाई के लिए चेताया
ज्ञापन सौंपने के दौरान सतनामी समाज के पदाधिकारी त्रिवेंद्र आदिले, मनोज मनहर और आशीष बंजारे सहित छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी, कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष अतुल दास और प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल मौजूद रहे। संगठन के जिला अध्यक्ष अलेक्स टोप्पो ने कहा कि यदि मामलों में शीघ्र निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित नहीं किया गया, तो संगठन आगे कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक कोरबा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।












