HomeBreaking Newsमासूम की निर्मम हत्या से कोरबा में उबाल, गिरा पैसा दिलाने का...

मासूम की निर्मम हत्या से कोरबा में उबाल, गिरा पैसा दिलाने का झांसा देकर जंगल ले गया हत्यारा, गिरफ्तार

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा, न्यायालय परिसर में आरोपी की पिटाई; ग्रामीणों ने घेरा पुलिस चौकी, फांसी की मांग तेज

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  रजगामार क्षेत्र से लापता सात वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में कोरबा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को रास्ते में गिरा हुआ पैसा दिलाने का झांसा दिया और उसे जंगल की ओर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। 22 अक्टूबर को बच्ची का शव मिलने के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को बागो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से रजगामार से लेकर कोरबा शहर तक लोगों में भारी आक्रोश है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को बाहर लाते समय अधिवक्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी, वहीं ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घेराव कर उसे फांसी देने की मांग उठाई।

- Advertisement -

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को बच्ची लापता हुई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। लगातार खोजबीन के बाद 22 अक्टूबर को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे पुराने ईंट-भट्ठे के समीप जंगल में बच्ची का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, लास्ट सीन थ्योरी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अमित चौहान की पहचान की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बागो थाना क्षेत्र के सुदूर जंगल से गिरफ्तार किया।

न्यायालय परिसर में आरोपी की पिटाई

शुक्रवार को आरोपी को विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश करने के बाद बाहर लाया जा रहा था, तभी आक्रोशित अधिवक्ताओं ने उसे पकड़कर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए घटनाक्रम से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को अधिवक्ताओं के बीच से निकाला और वाहन में बैठाकर जिला जेल पहुंचाया। अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान, सत्यव्रत उपाध्याय सहित अन्य अधिवक्ताओं ने आरोपी का मुकदमा नहीं लड़ने की अपील की। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि आरोपी का केस नहीं लड़ने के संबंध में संघ निर्णय ले रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

ग्रामीणों ने घेरा पुलिस चौकी, फांसी की मांग

आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सुबह रजगामार पुलिस चौकी में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को सामने लाने की मांग करते हुए हंगामा किया और उसे फांसी देने की मांग उठाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस आरोपी को सुरक्षा के बीच कोरबा लेकर पहुंची।

घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कठोर सजा दिलाने की मांग की। आम आदमी पार्टी की ओर से सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने तथा रजगामार में कांग्रेस की ओर से कैंडल मार्च निकालने की जानकारी भी सामने आई है।

हत्या और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 66 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 जोड़ी हैं। पुलिस के अनुसार, बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि के लिए चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Must Read