मुख्य आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गए
छत्तीसगढ़/कोरबा :- बांकीमोंगरा पुलिस ने बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर आरएस 200 बाइक और होंडा एक्टिवा स्कूटी सहित तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 172/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। प्रार्थी देव कुमार अहिरवार (46), पिता स्व. गेंदराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 सितंबर 2026 की रात उनकी पल्सर बाइक दुकान की पार्किंग से चोरी हो गई। 6 सितंबर की सुबह चोरी का पता चलने पर उन्होंने बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनु (19 वर्ष), पिता विक्रमलाल निषाद, निवासी भिलाईबाजार को पकड़ा। पूछताछ में दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी के दो वाहनों और तीन मोबाइल फोन को जब्त किया।
जब्त वाहनों में पल्सर आरएस 200 बाइक क्रमांक CG 12 BT 6722 शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। बाइक का इंजन नंबर DTXCSF46438 और चैसिस नंबर MD2A55FX3SCG66520 है। इसके अलावा होंडा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 12 BU 7808 भी जब्त की गई है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।












