प्रोजेक्ट निर्माण के तहत ग्रामीण क्षेत्र को मिली सामाजिक आयोजनों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए नई सौगात, वित्तवर्ष 2026 में 4 सामुदायिक भवनों का निर्माण
छत्तीसगढ़/कोरबा-बालकोनगर :- ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने भटगांव में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। कंपनी की सामुदायिक विकास पहल ‘प्रोजेक्ट निर्माण’ के तहत तैयार इस भवन को स्थानीय समुदाय को समर्पित किया गया है। इसके निर्माण से क्षेत्र के 1,800 से अधिक लोगों को सामाजिक आयोजनों, बैठकों और विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक साझा स्थान उपलब्ध होगा।
लोकार्पण समारोह में बालको की मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी श्रीमती अंजलि पवार तथा चुईया पंचायत की सरपंच श्रीमती पूजा कुमारी राठिया उपस्थित रहीं। इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी श्यामलाल ने कहा कि पहले उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण सामुदायिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब नए भवन के माध्यम से ग्रामीणों को एक साझा स्थान मिलेगा, जहां वे सामाजिक आयोजनों के साथ बैठकें और समुदाय के हित से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित कर सकेंगे।
बालको का ‘प्रोजेक्ट निर्माण’ आसपास के गांवों में आवश्यक सामुदायिक सुविधाओं के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। भटगांव में निर्मित यह भवन ग्रामीणों को सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सामुदायिक एकजुटता को भी मजबूती देगा।
कंपनी के अनुसार, सामुदायिक कल्याण और आधारभूत संरचना के विकास के तहत वित्तवर्ष 2026 में अब तक 12 सामुदायिक शौचालय, 2 सामुदायिक मंच और 4 सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया है। इन पहलों के जरिए बालको क्षेत्र में स्वच्छता, सामाजिक सुविधाओं और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा है।













