हेमंत ऋतु में शरीर की पाचन शक्ति होती है मजबूत, खान-पान के साथ दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की सलाह
छत्तीसगढ़/कोरबा :- हिंदी पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष (अगहन) मास का आरंभ 25 नवंबर 2026 से हो चुका है, जो 23 दिसंबर 2026 तक रहेगा। आयुर्वेद में प्रत्येक माह के लिए ऋतु के अनुकूल खान-पान और दिनचर्या का विशेष महत्व बताया गया है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अगहन मास में स्वस्थ रहने के लिए विशेष आहार-विहार अपनाने की सलाह दी है। 
डॉ. शर्मा ने बताया कि भारतीय परंपरा में ऋतुचर्या अर्थात मौसम के अनुसार खान-पान और रहन-सहन की व्यवस्था प्राचीन समय से चली आ रही है। यह परंपरा हमें विरासत में मिली है। वर्तमान में हेमंत ऋतु का प्रभाव है और अगहन मास में ठंडी हवाओं के साथ वातावरण में शीतलता बढ़ जाती है। आयुर्वेद के अनुसार इस दौरान शरीर में कफ का संचय और वात दोष का प्रकोप होने की संभावना रहती है। इसके कारण संधिशूल, संधिशोथ, श्वास-कास, प्रतिश्याय, वातश्लैष्मिक ज्वर तथा त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
उन्होंने बताया कि इस मौसम में शरीर की जठराग्नि तीव्र रहती है, जिससे पाचन शक्ति अपेक्षाकृत अच्छी होती है। इसलिए इस दौरान स्निग्ध एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ अम्ल और लवण रस युक्त आहार का सेवन लाभकारी माना गया है। शरीर को ऊर्जा प्रदान करने वाले पौष्टिक भोजन को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। वहीं वातवर्धक खाद्य पदार्थों, अत्यधिक ठंडे भोजन, रूखे एवं हल्के आहार तथा कटु, तिक्त और कषाय रस प्रधान खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए।
डॉ. शर्मा ने विशेष रूप से बताया कि आयुर्वेद की मासानुसार आहार परंपरा में मार्गशीर्ष (अगहन) मास के दौरान जीरे के सेवन से बचने की सलाह दी गई है। वहीं वसायुक्त भोजन एवं शहद का सेवन इस माह में हितकारी माना गया है।
उन्होंने कहा कि मार्गशीर्ष मास हेमंत ऋतु के अंतर्गत आता है। आयुर्वेद में हेमंत ऋतु को शरीर में बल और शक्ति संचय करने का समय माना गया है। इस दौरान च्यवनप्राश, अश्वगंधा, आंवला और शतावरी जैसी आयुर्वेदिक रसायन औषधियों का सेवन व्यक्ति की प्रकृति और उचित नियमों के अनुसार किया जा सकता है। इससे शरीर को पोषण एवं बल प्राप्त करने में सहायता मिल सकती है।
अगहन मास में कैसी हो दिनचर्या
डॉ. नागेंद्र शर्मा के अनुसार इस मौसम में शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए अभ्यंग अर्थात तेल मालिश तथा आतप स्नान यानी धूप का सेवन करना चाहिए। अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार नियमित व्यायाम करना चाहिए। ठंडी हवाओं से बचने के लिए शरीर को पर्याप्त रूप से ढककर रखना चाहिए तथा हल्के गुनगुने पानी से स्नान करना हितकारी है।
इन बातों से करें परहेज
उन्होंने बताया कि अगहन मास में दिन के समय सोने, रात में देर तक जागने, अत्यधिक ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने और भूखे रहने से बचना चाहिए। इसके अलावा आवश्यकता से कम भोजन करने तथा तेज ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क में आने से भी बचाव करना चाहिए।
डॉ. शर्मा ने कहा कि भारतीय आयुर्वेदिक परंपरा में ऋतु के अनुसार आहार-विहार अपनाने का उद्देश्य शरीर को बदलते मौसम के अनुरूप स्वस्थ रखना है। यदि हम मौसम के अनुकूल खान-पान और नियमित दिनचर्या का पालन करें तो बेहतर स्वास्थ्य एवं आरोग्य बनाए रखने में सहायता मिल सकती है।













