HomeBreaking Newsजनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 114 आवेदन मिले

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 114 आवेदन मिले

वनपट्टा, लंबित वेतन, पीएम आवास की किश्त और मुआवजे से जुड़े मामलों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों की शिकायतों और मांगों को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गंभीरता से सुना। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

- Advertisement -

जनदर्शन में वनपट्टा की जांच, अवैध शराब की बिक्री बंद कराने, लंबित वेतन भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों का भुगतान, आवास की पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा और आजीविका से जुड़ी मांगों सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं।

पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने आवेदनों की नियमित समीक्षा करने और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर भी जोर दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जिला स्तरीय अधिकारी रहे उपस्थित

जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read