पुष्य नक्षत्र में बच्चों का कराया गया स्वर्ण बिंदु प्राशन, सैकड़ों बच्चे हुए लाभान्वित
छत्तीसगढ़/कोरबा :- ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को भौम पुष्य नक्षत्र के अवसर पर महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में आयोजित कार्यक्रम में अंचल के सैकड़ों बच्चों ने स्वर्ण बिंदु प्राशन कराया।
नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन कराया गया। आयोजकों के अनुसार, बच्चों के स्वास्थ्य एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में 14 माह के एक बच्चे की माता ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पिछले एक वर्ष से प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र में अपने बच्चे का स्वर्ण बिंदु प्राशन करा रही हैं। उनके अनुसार, इस दौरान बच्चा स्वस्थ एवं सक्रिय रहा तथा उसे सर्दी-खांसी जैसी मौसमी समस्याएं नहीं हुईं। उन्होंने पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा एवं नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्राचीन आयुर्वेदिक परंपरा को बढ़ावा
नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिंदु प्राशन आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा है, जिसका उल्लेख काश्यप संहिता एवं सुश्रुत संहिता जैसे आयुर्वेदिक ग्रंथों में मिलता है। संस्थान द्वारा इस परंपरा को पुनर्जीवित करने और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास और निरोगी समाज के निर्माण के लिए आयुर्वेदिक परंपराओं के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में श्रीमती प्रतिभा शर्मा के अलावा नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम सारथी, अनुराग कंवर, अनिशा मानिकपुरी, शैल कुमारी निषाद, गुनगुन राठिया एवं पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।












