HomeBreaking Newsहरदीबाजार अस्पताल के स्थानांतरण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हरदीबाजार अस्पताल के स्थानांतरण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

मुआवजा, रोजगार और बसाहट की मांग पूरी होने तक विरोध की चेतावनी

हरदीबाजार/कोरबा। एसईसीएल दीपका एरिया परियोजना विस्तार के लिए हरदीबाजार स्थित सरकारी अस्पताल के स्थानांतरण की कवायद को लेकर ग्रामीणों, भू-विस्थापितों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांगें पूरी होने तक अस्पताल स्थानांतरण का विरोध करने और जबरन कार्रवाई होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

- Advertisement -

मामले को लेकर हरदीबाजार तहसील कार्यालय में एसडीएम पाली रोहित सिंह एवं तहसीलदार अमित क्रेकेटा की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें सरपंच, उपसरपंच, जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

बैठक में ग्रामीणों ने एसईसीएल द्वारा तैयार मुआवजा पत्रक में 40 प्रतिशत की विसंगति का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही पात्र भू-विस्थापितों को तत्काल रोजगार, बसाहट स्थल के निर्माण कार्य में तेजी तथा मांगें पूरी होने तक अस्पताल को यथावत रखने की मांग रखी गई।

ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास और खदान विस्तार के विरोधी नहीं हैं, लेकिन किसानों और विस्थापितों के अधिकारों की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन एवं एसईसीएल प्रबंधन से समस्याओं का शीघ्र न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की।

Must Read