HomeBreaking Newsगणेश उत्सव में आस्था के साथ सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर जोर

गणेश उत्सव में आस्था के साथ सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर जोर

कोरबा पुलिस ने गणेश समितियों और डीजे संचालकों की अलग-अलग बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  गणेश चतुर्थी एवं आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटेल ने जिले की गणेश समितियों, पंडाल आयोजकों और डीजे संचालकों की अलग-अलग बैठक लेकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

- Advertisement -

पुलिस ने गणेश पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पंडालों में विद्युत वायरिंग की सक्षम विद्युतकर्मी से जांच कराने तथा खुले और लूज तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंडाल इस तरह लगाने की हिदायत दी गई कि आम लोगों के आवागमन और यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए।

रात में विसर्जन नहीं, निर्धारित स्थल पर ही होगा विसर्जन

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी पुलिस ने समितियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम और प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा रात्रि में विसर्जन से बचने की हिदायत दी गई। समितियों को विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बाधित नहीं करने को कहा गया।

डीजे की आवाज तय सीमा से बाहर गई तो होगी कार्रवाई

डीजे संचालकों की अलग बैठक लेकर उन्हें निर्धारित डेसिबल सीमा और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अधिक आवाज में डीजे बजाने अथवा निर्धारित समय का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हर गणेश पंडाल बनेगा साइबर जागरूकता का केंद्र

इस बार गणेश उत्सव के माध्यम से साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की भी पहल की गई है। पुलिस ने गणेश समितियों से अपने पंडालों में “साइबर जागृति अभियान” के पोस्टर लगाने और श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देने की अपील की।

पंडालों में ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई ठगी, फर्जी केवाईसी, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी और फर्जी लिंक जैसे साइबर अपराधों से बचाव के संदेश प्रदर्शित करने के लिए समितियों को प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

नशे से दूर रहकर मनाएं उत्सव

पुलिस ने गणेश समितियों को पंडाल एवं विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं होने देने की समझाइश दी। नशे की हालत में उपद्रव करने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

कोरबा पुलिस ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था, शांति और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। सभी समितियां, डीजे संचालक और नागरिक जिम्मेदारी के साथ पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए उत्सव मनाएं। नियमों का उल्लंघन, यातायात बाधित करने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस की अपील है— “आस्था के साथ सुरक्षा, उत्सव के साथ जागरूकता—साइबर जागृति से जुड़ें, सुरक्षित कोरबा बनाएं।”

Must Read