नई कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता का दिया संदेश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए भवन विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। साथ ही शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। 
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएं। एआई और नई तकनीकों के दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की सक्रियता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों की भी सराहना की।
समारोह की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने प्रेस क्लब के विकास की यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के कार्यकाल में प्रेस क्लब को पहला भवन मिला। बाद में सदस्यों की संख्या बढ़ने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मंत्री राजेश मूणत और तत्कालीन महापौर लखनलाल देवांगन के सहयोग से तिलक भवन की नींव रखी गई। उन्होंने महापौर संजू देवी राजपूत द्वारा केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि दो लाख से बढ़ाकर तीन लाख रुपये किए जाने पर आभार व्यक्त किया तथा विश्वास जताया कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग से प्रेस क्लब को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। 
उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। शासन की योजनाओं और जनसरोकारों को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता पर बल दिया। 
पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब का यह शपथ ग्रहण समारोह भव्य और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है और उन्हें पूरी ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने 16 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, सौंदर्यीकरण और छोटे व्यापारियों के पुनर्वास जैसे विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सादिक शेख ने किया तथा अंत में प्रेस क्लब सचिव दिनेश राज ने आभार प्रदर्शन किया। अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया।












