महंगाई राहत, कैशलेस इलाज, एरियर भुगतान और ‘सियान सदन’ निर्माण सहित कई मांगों पर शासन से अनुशंसा की अपील
छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन, जिला शाखा कोरबा ने राज्य के पेंशनर्स की लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समर्थन में विधानसभा क्षेत्र रामपुर के विधायक फूल सिंह राठिया को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री के नाम अनुशंसा-पत्र भेजने का आग्रह किया।
प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव के निर्देश तथा जिला अध्यक्ष प्रभात शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों का उल्लेख किया गया। इनमें नियमित कर्मचारियों के समान लंबित महंगाई राहत का भुगतान, पेंशनर्स के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना लागू करना, 80 वर्ष के स्थान पर 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर पेंशन में 20 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप छठवें एवं सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना में पेंशनर्स को शामिल करना, राज्य पेंशनर्स कल्याण मंडल का पुनर्गठन एवं नियमित बैठकें आयोजित करना तथा प्रदेश के सभी जिलों में ‘सियान सदन’ (पेंशनर्स भवन) के निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विनय सोनवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों के समर्थन में राज्य शासन को अनुशंसा-पत्र प्रेषित करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य एस.के. पाठक, अजय पांडे, रेशम दुबे, लक्ष्मण महंत, मनहरण पटेल, पी.एल. साहू, नागेश गोरहा, गोपाल प्रजापति, सीताराम कंवर, तीजराम कुर्रे, जे.एस. पोर्त, सुरेश द्विवेदी, प्यारेलाल चौधरी एवं रामू पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












