छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। 
इस विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले भी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की मॉनिटरिंग करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सघन जांच के दौरान कुल 24 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में 17 दोपहिया एवं 7 चारपहिया वाहन शामिल रहे।
पुलिस ने सभी 24 वाहनों को जब्त कर नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा” अभियान के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।











