छत्तीसगढ़/कोरबा-कटघोरा :- कटघोरा क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन एवं पिकनिक स्थल झोराघाट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटघोरा मेन रोड निवासी अलाउद्दीन पिता ताजुद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने गया हुआ था। दोपहर के दौरान परिवार के लोग नदी किनारे छुट्टी का आनंद ले रहे थे। इसी बीच अलाउद्दीन नहाने के लिए नदी में उतर गया। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और तेज बहाव व अधिक गहराई के कारण डूबने लगा।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में हुई बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे झोराघाट के कई हिस्सों में पानी अधिक गहरा और खतरनाक हो गया है।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
मृतक अलाउद्दीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की खबर मिलते ही परिचितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
झोराघाट क्षेत्र में पूर्व में भी जलस्तर बढ़ने और चट्टानों के बीच गहरे गड्ढों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पिकनिक स्थलों पर जाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा गहरे पानी में उतरने से बचें। विशेषकर बारिश के मौसम में नदी-नालों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
झोराघाट में दर्दनाक हादसा, पिकनिक मनाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम













