HomeBreaking News15 साल का इंतजार खत्म, संजय नगर वाय-शेप अंडरब्रिज का निर्माण शुरू,...

15 साल का इंतजार खत्म, संजय नगर वाय-शेप अंडरब्रिज का निर्माण शुरू, डीएमएफ मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये स्वीकृत

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया शुभारंभ, 

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा शहर के संजय नगर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए बहुप्रतीक्षित वाय-शेप अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शनिवार को शुरू हो गया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से इस परियोजना के लिए 30 करोड़ 96 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

- Advertisement -

रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित फाटक बार-बार बंद होने से संजय नगर और पुरानी बस्ती क्षेत्र के लोग पिछले 15 वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे थे। अंडरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने के साथ रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। डीएमएफ मद से बड़ी परियोजनाओं के साथ जनसुविधा से जुड़े कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के दायरे में आने वाली शासकीय भूमि पर बने मकानों के स्वामियों को क्षतिपूर्ति राशि दी गई है। निर्माण कार्य लगभग एक से सवा वर्ष में पूरा होने की संभावना है।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी। अंडरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में भी मदद मिलेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि फाटक बंद होने पर व्यापारियों और आम नागरिकों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस परियोजना से पुरानी बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

अंडरब्रिज की कुल लंबाई 455 मीटर और चौड़ाई 8.50 मीटर होगी। इसकी कैरेजवे चौड़ाई 7.50 मीटर तथा बॉक्स की लंबाई 28.80 मीटर और ऊंचाई 4.50 मीटर निर्धारित की गई है। इसके अलावा उद्योग मंत्री ने सुनालिया पुल से राताखार की ओर नहर किनारे 22 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और पुल निर्माण की योजना की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पांडे, डॉ. राजीव सिंह, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Must Read