HomeBreaking Newsअब समिति के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं, घर बैठे कट रहा...

अब समिति के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं, घर बैठे कट रहा धान विक्रय का टोकन

‘तुंहर टोकन’ ऐप से किसानों को मिली बड़ी राहत, समय और श्रम की हो रही बचत; धनगांव के किसान शिवराज सिंह ने डिजिटल सुविधा को बताया उपयोगी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  धान बेचने के लिए अब किसानों को टोकन कटवाने के लिए समितियों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। छत्तीसगढ़ सरकार की ‘तुंहर टोकन’ ऐप सुविधा के माध्यम से किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे धान खरीदी की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और सुविधाजनक हो गई है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी व्यवस्था को सरल बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘तुंहर टोकन’ ऐप किसानों के लिए मददगार साबित हो रहा है।

कोरबा जिले के ग्राम धनगांव निवासी कृषक शिवराज सिंह भी इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। लंबे समय से खेती-किसानी से जुड़े शिवराज सिंह बताते हैं कि पहले धान विक्रय के लिए टोकन कटवाने समिति जाना पड़ता था। इसमें काफी समय लगता था और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब मोबाइल पर ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से घर बैठे ही आसानी से ऑनलाइन टोकन मिल जाता है।

उन्होंने बताया कि अब टोकन के लिए समिति जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर अपनी धान की उपज खरीदी केंद्र में ले जाकर बेच सकते हैं। इससे न केवल समय और मेहनत की बचत हो रही है, बल्कि खरीदी प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बन गई है।

डिजिटल सुविधा से खेती-किसानी के कामकाज में मिली इस सहूलियत के लिए किसान शिवराज सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

Must Read