ऑपरेटरों और श्रमिकों से की सीधी बातचीत, उत्पादन-उत्पादकता और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा
छत्तीसगढ़/बिलासपुर-कोरबा :- कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने शनिवार को एसईसीएल की गेवरा खदान का दौरा कर विभिन्न माइनिंग पैचों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय एवं ठेका श्रमिकों से सीधे संवाद कर मशीनों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा सुविधाओं और कार्यस्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
दौरे के दौरान चेयरमैन ने व्यू पॉइंट से खदान का अवलोकन किया और माइन प्लान की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय पैच में पार्थ शॉवेल और 240 टन क्षमता वाले डंपर के ऑपरेटरों से बातचीत की। साथ ही भारत के पहले 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले टाटा हिटाची इलेक्ट्रिक शॉवेल के ऑपरेटर केबिन का जायजा लेकर सुरक्षा सुविधाओं और एर्गोनॉमिक्स की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कृष्णा शॉवेल का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने केजेएसएल, देव माइनिंग, पीएनसी और सैनिक माइनिंग पैचों का दौरा किया तथा वहां कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों से संवाद किया। गेवरा हाउस में उन्होंने दीपका एवं गेवरा की टीमों के साथ बैठक कर उत्पादन, उत्पादकता और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की।
चेयरमैन बी. साईराम अगले दिन दीपका और कुसमुंडा खदानों का भी दौरा करेंगे। इस दौरान एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












