चार्ली चौपाटी के नामकरण पर सियासी घमासान के बीच आम आदमी पार्टी ने उठाए सवाल, छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापना और बदहाल उद्यानों के कायाकल्प की मांग
छत्तीसगढ़/कोरबा :- चार्ली चौपाटी के नामकरण को लेकर शहर में जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच आम आदमी पार्टी यूथ विंग के जिलाध्यक्ष आजाद बख्श ने भाजपा और नगर निगम प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरबा शहर की पहचान किसी राजनीतिक दल की सोच से नहीं, बल्कि यहां के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और वीर शहीदों के सम्मान से होनी चाहिए।
आजाद बख्श ने कहा कि भाजपा के नेता अक्सर कांग्रेस पर अंग्रेजों का अनुसरण करने का आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन अब कोरबा में एक अंग्रेजी कलाकार के नाम पर चौपाटी का नामकरण किया जा रहा है। भाजपा नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उनकी विचारधारा और सोच में यह बदलाव क्यों आया? क्या कोरबा में देश के वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण नहीं किया जा सकता?
उन्होंने कहा कि कोरबा की धरती आदिवासी संस्कृति, संघर्ष, बलिदान और वीरता की पहचान रही है। ऐसे में शहर के चौक-चौराहों का नामकरण देश के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों और महापुरुषों के नाम पर होना चाहिए। विशेष रूप से भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर एक भव्य उद्यान विकसित किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, आदिवासी अस्मिता और देश के प्रति उनके योगदान से परिचित हो सकें।
आजाद बख्श ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता, संस्कृति और पहचान का प्रतीक हैं। इसलिए कोरबा शहर में छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। यह केवल प्रतिमा स्थापना का विषय नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी संस्कृति और अपनी पहचान के प्रति सम्मान प्रकट करने का विषय है।
उन्होंने शहर के उद्यानों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम को नए नामकरण और प्रचार-प्रसार से आगे बढ़कर मौजूदा उद्यानों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के खेलने की सुविधाओं और नियमित रखरखाव पर ध्यान देना चाहिए। इसके साथ ही शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की क्षतिग्रस्त मूर्तियों का तत्काल संरक्षण और जीर्णोद्धार कराया जाना चाहिए।
नगर निगम के सामने रखीं प्रमुख मांगें
आम आदमी पार्टी यूथ विंग ने नगर निगम से मांग की है कि कोरबा के प्रमुख चौक-चौराहों का नामकरण देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर किया जाए। भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर शहर में भव्य उद्यान विकसित किया जाए तथा छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की क्षतिग्रस्त मूर्तियों का संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कराया जाए। सभी उद्यानों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सार्वजनिक स्थलों के नामकरण से पहले स्थानीय नागरिकों की भावनाओं और सुझावों को प्राथमिकता दी जाए।
आजाद बख्श ने अंत में कहा कि कोरबा को नाम बदलने की राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति चाहिए। शहर के चौक-चौराहे वीर शहीदों के नाम से पहचाने जाएं, उद्यान महापुरुषों के विचारों और योगदान की याद दिलाएं तथा शहर की सांस्कृतिक पहचान छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान से जुड़ी हो। नगर निगम को राजनीतिक दिखावे से ऊपर उठकर जनता की मूलभूत सुविधाओं और शहर के वास्तविक विकास पर ध्यान देना चाहिए।












