भव्य आरती, दीपदान, छत्तीसगढ़ी लोकगीत-संगीत, पारंपरिक व्यंजन और आतिशबाजी होंगे आकर्षण, आयोजन समिति ने शहरवासियों को दिया सपरिवार शामिल होने का न्योता
छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ की लोक आस्था, परंपरा और समृद्ध संस्कृति की झलक अब कोरबा में भी देखने को मिलेगी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर 2026, मंगलवार को हसदेव घाट पर पहली बार भव्य पुन्नी मेले का आयोजन किया जा रहा है। पुरानी बस्ती, दर्रीपारा रोड स्थित इंदिरा नगर के हसदेव घाट पर शाम 5 बजे से शुरू होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था, छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक खानपान और मनोरंजन का अनूठा संगम बनेगा।
पुन्नी मेला आयोजन समिति कोरबा द्वारा आयोजित इस मेले की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य कार्तिक पूर्णिमा की धार्मिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच प्रदान करना है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की पहल की जा रही है।
भव्य आरती और दीपदान से जगमगाएगा हसदेव घाट
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण हसदेव घाट पर होने वाली भव्य आरती और दीपदान होगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु दीप प्रज्वलित कर इस धार्मिक परंपरा में सहभागी बनेंगे। घाट पर दीपों की रोशनी और आरती के स्वरों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
लोकगीत और लोकनृत्य में दिखेगी छत्तीसगढ़ की पहचान
पुन्नी मेले में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया जाएगा। वहीं, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां शहरवासियों को स्थानीय पकवानों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।
आतिशबाजी और मनोरंजन बढ़ाएंगे मेले की रौनक
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य आतिशबाजी भी मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगी। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी और घाट पर जगमगाते दीपों के बीच उत्सव का माहौल बनेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन में कोरबा शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु, परिवार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे।
जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों से की सपरिवार पहुंचने की अपील
पुन्नी मेला आयोजन समिति की ओर से नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद तामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल एवं एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला ने शहरवासियों से इस आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों ने छत्तीसगढ़ी अंदाज में लोगों को आमंत्रित करते हुए कहा है- “जम्मो महतारी, सियान, मितान अउ संगवारी मन ला झारा-झारा नेवता…” अर्थात शहर के सभी माताओं, बुजुर्गों, मित्रों और साथियों को इस पुन्नी मेले में सपरिवार शामिल होने का स्नेहिल निमंत्रण है।
कोरबा में पहली बार आयोजित हो रहा यह पुन्नी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिहाज से एक नई पहल माना जा रहा है। 24 नवंबर की शाम हसदेव घाट पर आस्था के दीप जगमगाएंगे, आरती की गूंज सुनाई देगी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा बिखरेगी।












