छत्तीसगढ़/कोरबा :- विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) तैयार करने जिला पंचायत के सभा कक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामों के समग्र एवं सतत विकास के लिए स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की सहभागिता के आधार पर योजना तैयार करना महत्वपूर्ण है। सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि वीजीपीपी में स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को शामिल किया जाएगा।
प्रशिक्षण में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों में उपलब्ध परिसंपत्तियों की मैपिंग, विकास की जरूरतों की पहचान और संभावित कार्यस्थलों के चयन की प्रक्रिया समझाई गई। वहीं वाटर बजट के जरिए गांव की जल जरूरतों का आकलन कर जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की जानकारी दी गई।
ग्राम सभा और ग्रामीणों के सुझावों के आधार पर रोजगार, जल सुरक्षा, आजीविका, ग्रामीण अधोसंरचना और स्थायी परिसंपत्तियों से जुड़े कार्यों को एकीकृत योजना में शामिल किया जाएगा। इससे ग्राम पंचायतों में जरूरत आधारित और परिणाममूलक विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।












