HomeBreaking News48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, महिला की पहचान के साथ...

48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, महिला की पहचान के साथ हत्या की गुत्थी सुलझी

कटघोरा में जली हुई महिला का मिला था शव, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के जले हुए शव के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतिका की पहचान ग्राम अमलडिहा निवासी महिला के रूप में करते हुए हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना कटघोरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर कैंप कर लगातार जांच में जुटे रहे।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ गुम इंसान मामलों और मृतिका के हुलिए के आधार पर पहचान के प्रयास किए। इसी दौरान जानकारी मिली कि ग्राम अमलडिहा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। इसके बाद पुलिस ने महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई।
जांच में सामने आया कि घटना से पहले शाम को किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार को महिला के साथ देखा गया था। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे, जहां शराब सेवन के बाद विवाद हुआ। इसके बाद दोनों ने महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को आग लगा दी गई और दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडिहा, थाना कटघोरा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में भौतिक, परिस्थितिजन्य, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। प्रकरण में थाना कटघोरा अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत विवेचना जारी है।

Must Read