उरगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल समेत करीब एक टन तार किया बरामद
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र के मिश्रा ट्रेडर्स यार्ड से 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी का तार तथा वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए करीब एक टन तार को आरोपी ने कबाड़ी को बेच दिया था। 
पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे के बाद मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड में खुले स्थान पर रखे 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम तार चोरी हो गए थे। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर 5 सितंबर को थाना उरगा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राकेश पटेल (30), निवासी भिलाई खुर्द ने चोरी का केबल अपने बाड़ी में छिपाकर रखा है। पुलिस ने संदेही से पूछताछ की तो उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यार्ड से एल्युमिनियम केबल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के अनुसार चोरी के केबल को घर के पीछे बाड़ी में ले जाकर एल्युमिनियम अलग किया गया और बाद में कबाड़ी को बेच दिया गया।
ट्रैक्टर और बाइक समेत तार जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BT 7571, ट्रैक्टर क्रमांक CG 12 BB 0653 तथा करीब एक टन जीआई तार/चोरी का तार बरामद कर जब्त किया है। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर राकेश पटेल को 5 सितंबर की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों और चोरी की शेष संपत्ति के संबंध में जांच जारी है।












