छत्तीसगढ़/बलरामपुर :- आम आदमी पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ता लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए उनकी तत्काल रिहाई और जिला कलेक्टर को हटाने की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि जिले की बदहाल सड़कों और प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर सवाल उठाने पर आप नेता को गिरफ्तार किया गया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि बलरामपुर जिले की कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ हादसों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने सवाल उठाया कि हर माह होने वाली समय-सीमा की बैठकों के बावजूद प्रशासन को सड़कों की स्थिति की जानकारी कैसे नहीं थी।
आम आदमी पार्टी ने लव कुमार दुबे की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना अपराध नहीं है। पार्टी ने प्रशासन पर विपक्ष और जनता की आवाज दबाने का आरोप भी लगाया।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि लव कुमार दुबे को तत्काल रिहा नहीं किया गया तो 10 सितंबर को कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ बलरामपुर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।












