छत्तीसगढ़/कोरबा :- प्रदेश में सुशासन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार जल्द ही 24×7 संचालित होने वाली सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में शुरू हो रही यह नई शिकायत प्रबंधन प्रणाली आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान का बड़ा माध्यम बनेगी। 
इस नई व्यवस्था के तहत अब प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप, व्हाट्सऐप या लिखित आवेदन के माध्यम से 24 घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित व्यक्ति को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे वह अपनी शिकायत की पूरी स्थिति, संबंधित विभाग, लंबित अधिकारी और समाधान की समय-सीमा की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेगा। 
इसी संबंध में शुक्रवार को कोरबा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सलाहकार श्री अनुराग दीवान, श्री अंशुल वर्मा, श्री चंदन, अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल एवं श्री ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण से जुड़े।
प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हो, इस दिशा में सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें।
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण दल के प्रमुख एवं सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सलाहकार श्री अनुराग दीवान ने सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की पूरी कार्यप्रणाली विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होते ही वह सीधे संबंधित विभाग और अधिकारी तक पहुंच जाएगी तथा पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी होगी। इससे शिकायतों के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना काफी कम हो जाएगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
इस नई प्रणाली की सबसे खास बात नागरिक फीडबैक को बनाया गया है। शिकायत के निराकरण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर उसकी संतुष्टि की पुष्टि की जाएगी। यदि नागरिक समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो शिकायत स्वतः दोबारा सक्रिय हो जाएगी। पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन सेंटर सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित रहेगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रशासन अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनेगा तथा आम जनता की समस्याओं का तेज गति से समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।













