मानस मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे करेंगे गूढ़ आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक प्रसंगों पर मार्गदर्शन
छत्तीसगढ़/कोरबा :- निहारिका गणेशोत्सव समिति एवं सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में 23 सितंबर 2026, बुधवार को महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर, निहारिका रोड, कोरबा स्थित गणेश पंडाल में “श्रीरामचरितमानस से मानव चरित्र निर्माण” विषय पर एक दिवसीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। भागवत एवं मानस मर्मज्ञ परम पूज्य पंडित श्री देवशरण दुबे जी द्वारा यह विशेष व्याख्यान दोपहर 3 बजे से श्रीरामजी की इच्छा तक दिया जाएगा।
सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के कोरबा जिला शाखा प्रभारी डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि व्याख्यान में श्रीरामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई—
“काहु न कोउ सुख दुःख कर दाता।
निज कृत करम भोग सबु भ्राता।।” —को केंद्र में रखकर मानव चरित्र निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। पंडित देवशरण दुबे अपने ओजस्वी उद्बोधन के माध्यम से मानस के गूढ़ आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक अर्थों को सरल रूप में समझाएंगे।
व्याख्यान में इस बात पर विशेष चर्चा होगी कि मनुष्य के जीवन में कर्म की क्या भूमिका है और उसके सुख-दुःख तथा जीवन की दिशा और दशा किस प्रकार उसके कर्मों से जुड़ी होती है। इसके साथ ही माता कैकयी की महानता, भ्राता भरत के महापाप-बोध एवं आत्मग्लानि, भ्राता शत्रुघ्न तथा उनकी धर्मपत्नी श्रुतकीर्ति के त्याग, तप और समर्पण जैसे अपेक्षाकृत कम चर्चित प्रसंगों पर भी विशेष विमर्श किया जाएगा।
मानस के विभिन्न पात्रों और प्रसंगों के माध्यम से त्याग, कर्तव्य, धर्मपालन, तपस्या, सेवा, समर्पण एवं मर्यादा जैसे मानवीय गुणों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया जाएगा। आयोजन में यह भी बताया जाएगा कि श्रीरामचरितमानस केवल धार्मिक आस्था का ग्रंथ ही नहीं, बल्कि मानव चरित्र निर्माण और जीवन को सही दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मार्गदर्शक है।
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि कोरबा अंचल में आयोजित होने वाला यह विशेष मानस-विमर्श श्रद्धालुओं और मानसप्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। गहन एवं चिंतनपरक प्रसंगों के माध्यम से श्रीरामचरितमानस के विभिन्न आयामों को समझने तथा मानव जीवन की सार्थकता पर विचार करने का अवसर मिलेगा।
आयोजक समिति ने सभी धर्मप्रेमी, मानसप्रेमी एवं श्रद्धालुजनों से परिवार सहित इस विशेष आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी आयोजन में उपस्थित होने की अपील की है। कार्यक्रम एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण gurupathofficial यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा। श्रद्धालु यूट्यूब पर gurupathofficial नाम से कार्यक्रम को ऑनलाइन सुन सकेंगे।












